JHARKHAND: झारखंड सरकार ने श्रावणी मेले के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए एक विशेष हेलीकॉप्टर सेवा शुरू करने का फैसला किया है। अब श्रद्धालु हेलीकॉप्टर के माध्यम से बाबा बैद्यनाथ धाम और बासुकीनाथ धाम के हवाई दर्शन कर सकेंगे। यह सेवा 4 अगस्त 2026 से शुरू होगी और इसका संचालन नागरिक उड्डयन विभाग के अंतर्गत आने वाले झारखंड फ्लाइंग इंस्टीट्यूट (JFI) द्वारा किया जाएगा।


श्रावणी मेले में हर वर्ष लाखों श्रद्धालु देवघर स्थित बाबा बैद्यनाथ धाम और दुमका स्थित बासुकीनाथ धाम के दर्शन के लिए पहुंचते हैं। सरकार का उद्देश्य श्रद्धालुओं का समय बचाना और उन्हें बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है। हेलीकॉप्टर सेवा के तहत एक बार में अधिकतम चार श्रद्धालु यात्रा कर सकेंगे।


देवघर के उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया ने बताया कि श्रावणी मेले का उद्घाटन 29 जुलाई 2026 को हो चुका है और मेला 28 अगस्त 2026 तक चलेगा। श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए यह हवाई दर्शन सेवा शुरू की जा रही है।


हवाई दर्शन के लिए तय किया गया किराया

देवघर प्रशासन के अनुसार, बाबा बैद्यनाथ धाम और आसपास के क्षेत्र का 7 से 10 मिनट का हवाई दर्शन प्रति व्यक्ति 2,850 रुपये में कराया जाएगा। इसी दर पर बासुकीनाथ धाम का हवाई दर्शन भी उपलब्ध होगा। इसके अलावा देवघर से त्रिकूट तक 10 से 15 मिनट की हवाई यात्रा के लिए प्रति व्यक्ति 3,750 रुपये का किराया निर्धारित किया गया है।


देवघर से बासुकीनाथ के लिए वन-वे हेलीकॉप्टर सेवा

4 अगस्त से देवघर से बासुकीनाथ तक एकतरफा हेलीकॉप्टर सेवा भी शुरू होगी। इस 15 मिनट की उड़ान का किराया प्रति व्यक्ति 4,500 रुपये तय किया गया है।


हेलीकॉप्टर सेवा की दरें (प्रति व्यक्ति)

देवघर हवाई दर्शन: ₹2,850 (7–10 मिनट)

बासुकीनाथ हवाई दर्शन: ₹2,850 (7–10 मिनट)

देवघर से त्रिकूट हवाई यात्रा: ₹3,750 (10–15 मिनट)

देवघर से बासुकीनाथ (वन-वे): ₹4,500 (15 मिनट)


ऑनलाइन बुकिंग की सुविधा

श्रद्धालु www.jharkhandaviation.in पर जाकर हेलीकॉप्टर सेवा की ऑनलाइन बुकिंग कर सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए 9122583111 नंबर पर संपर्क किया जा सकता है।


इस बात की जानकारी देते हुए झारखंड फ्लाइंग इंस्टीट्यूट के चेयरमैन-सह-मैनेजिंग डायरेक्टर कैप्टन एसपी सिन्हा ने बताया कि इस सेवा के लिए 1+4 सीटों वाला हेलीकॉप्टर उपलब्ध कराया गया है।


उन्होंने कहा कि श्रावण के पवित्र महीने में देवघर आने वाले श्रद्धालुओं को अतिरिक्त सुविधाएं उपलब्ध कराना ही इस सेवा का मुख्य उद्देश्य है। सरकार ने श्रावणी मेले के दौरान श्रद्धालुओं के लिए टेंट हाउस सहित कई अन्य सुविधाओं की भी व्यवस्था की है।