DESK: उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। इसी बीच समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने गुरुवार को संविधान दिवस के अवसर पर पार्टी का चुनावी घोषणापत्र जारी किया।
इस मौके पर आजम खान और अवधेश प्रसाद समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। इसे 'सत्ताईस का संकल्प: पीडीए का प्रणपत्र-जनमन का मैनिफेस्टो 2027' नाम दिया गया है। घोषणापत्र में युवाओं, किसानों, महिलाओं, गरीबों और पीडीए यानी पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक वर्गों के लिए कई वादे किये गये।
अखिलेश यादव ने वादा किया कि यदि प्रदेश में सपा की सरकार बनती है तो पांच साल के भीतर 25 लाख सरकारी नौकरियां दी जाएंगी। इसके अलावा रोजगार मिलने तक बेरोजगार स्नातक युवाओं को हर महीने 5,000 रुपये भत्ता दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि महिलाओं से जुड़े मुद्दों और दो अन्य विशेष विषयों पर अलग से घोषणापत्र जारी किए जाएंगे।
पेपर लीक पर अधिकारियों और मंत्रियों की तय होगी जवाबदेही
भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए सपा ने पेपर लीक के मामलों में सख्त कार्रवाई का वादा किया है। अखिलेश यादव ने कहा कि यदि किसी भर्ती परीक्षा का पेपर लीक होता है तो इसके लिए जिम्मेदार अधिकारियों और मंत्रियों की व्यक्तिगत जवाबदेही तय की जाएगी। सभी भर्ती परीक्षाओं को समय पर पूरा कराने के लिए सालाना भर्ती कैलेंडर भी जारी किया जाएगा।
युवाओं और छात्रों के लिए घोषणापत्र में कई अन्य वादे भी किए गए
20 लाख मुफ्त लैपटॉप: छात्रों के बीच मुफ्त लैपटॉप वितरण योजना दोबारा शुरू की जाएगी।
स्कूलों में वाई-फाई: सभी प्राथमिक और माध्यमिक विद्यालयों में वाई-फाई की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
खेल सुविधाओं का विस्तार: प्रदेश में तीन विश्वस्तरीय स्टेडियम और 10 स्पोर्ट्स कॉलेज बनाए जाएंगे।
आईटी हब: चार प्रमुख शहरों में आईटी हब विकसित किए जाएंगे।
भोजपुरी फिल्म सिटी: पूर्वांचल में भोजपुरी फिल्म सिटी स्थापित करने का वादा किया गया है।
बंद स्कूल फिर खुलेंगे: मौजूदा सरकार के कार्यकाल में बंद किए गए 26 हजार प्राथमिक विद्यालयों को दोबारा शुरू किया जाएगा।
5 रुपये में भरपेट भोजन और 40 हजार रुपये सालाना पेंशन
गरीबों और जरूरतमंदों को राहत देने के लिए सपा ने समाजवादी कैंटीन शुरू करने का वादा किया है। इन कैंटीनों में लोगों को महज 5 रुपये में भरपेट भोजन उपलब्ध कराया जाएगा। इसके अलावा बुजुर्ग महिलाओं और पुरुषों, दिव्यांगों, श्रमिकों तथा कारीगरों को हर साल 40 हजार रुपये पेंशन देने की घोषणा की गई है।
किसानों को बिजली बिल से राहत, घरेलू उपभोक्ताओं को 300 यूनिट मुफ्त बिजली
किसानों और बिजली उपभोक्ताओं के लिए भी घोषणापत्र में कई बड़े वादे किए गए हैं। अखिलेश यादव ने कहा कि सत्ता में आने के तीन महीने के भीतर किसानों के बकाया बिजली बिल माफ कर दिए जाएंगे। किसानों को सिंचाई के लिए मुफ्त बिजली दी जाएगी, जबकि घरेलू उपभोक्ताओं को हर महीने 300 यूनिट तक मुफ्त बिजली देने का वादा किया गया है। इसके साथ ही 23 फसलों और दूध पर न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) की कानूनी गारंटी देने की बात कही गई है।
पांच सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल और 10 लाख रुपये का स्वास्थ्य बीमा
स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए प्रदेश में पांच सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल बनाने का वादा किया गया है। वहीं, गरीबी रेखा से नीचे रहने वाले (बीपीएल) परिवारों को 10 लाख रुपये का स्वास्थ्य बीमा कवर देने की घोषणा की गई है। इसके अलावा नदियों के किनारे बसे शहरों में रिवरफ्रंट विकसित करने की योजना भी घोषणापत्र में शामिल है।
जातीय जनगणना कराने का भी वादा
सामाजिक न्याय के मुद्दे पर अखिलेश यादव ने प्रदेश में जातीय जनगणना कराने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि अलग-अलग जातियों की आर्थिक और सामाजिक स्थिति का आकलन किया जाएगा। इसके आधार पर संबंधित वर्गों के उत्थान के लिए विकास योजनाएं तैयार की जाएंगी।
अपराध के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति
कानून-व्यवस्था को लेकर अखिलेश यादव ने कहा कि सपा की सरकार बनने पर अपराध के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाएगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि अपराध करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी और उन्हें कानून के दायरे में लाया जाएगा।
अखिलेश यादव ने कहा कि दलितों, पिछड़ों, अल्पसंख्यकों, मुस्लिमों, महिलाओं और बच्चों के खिलाफ होने वाले जघन्य अपराधों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश विधानसभा में कुल 403 सीटें हैं। वर्ष 2027 में फरवरी-मार्च के दौरान विधानसभा चुनाव होने की संभावना है। ऐसे में सपा के इस घोषणापत्र को आगामी चुनाव की तैयारियों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।