DESK:पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव दो चरणों में संपन्न हो गया। अब चुनाव के नतीजे सोमवार 4 मई को आएंगे। 293 सीटों पर होने वाली काउंटिंग पर देशभर की निगाहें टिकी हुई है। कल सब कुछ क्लीयर हो जाएगा कि पश्चिम बंगाल में किसकी सरकार बनेगी। उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने पश्चिम बंगाल चुनाव परिणाम से पहले बड़ा राजनीतिक बयान दिया है। उन्होंने ममता बनर्जी के समर्थन में कहा कि दीदी थीं, दीदी हैं और दीदी ही रहेंगी। वे अकेले लड़ेंगी और जीतेंगी भी।


अखिलेश यादव ने इस दौरान भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि बीजेपी “झूठ की सोनपापड़ी” बनाती है और चुनाव खत्म होते ही महंगाई बढ़ जाती है। उनका कहना था कि पहले भी उन्होंने चेतावनी दी थी कि चुनाव के बाद खाने-पीने की चीजें, ट्रांसपोर्ट और हवाई यात्रा तक महंगी हो जाएगी। सपा प्रमुख ने महंगाई के मुद्दे को भ्रष्टाचार से जोड़ते हुए कहा कि बीजेपी भ्रष्टाचार रोकने में विफल रही है, जिसकी वजह से आम जनता पर महंगाई का बोझ बढ़ रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि डीजल और पेट्रोल की कीमतों में बढ़ोतरी का असर अन्य वस्तुओं की कीमतों पर भी पड़ता है।


अखिलेश यादव ने इशारों में ईवीएम पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि अगर स्मार्ट मीटर में गड़बड़ी हो सकती है, तो ईवीएम में क्यों नहीं? उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी डर का माहौल बनाकर चुनाव लड़ना चाहती है। हालांकि, उन्होंने चुनाव आयोग को लेकर कहा कि यह एक निष्पक्ष संस्था है और उसे बिना भेदभाव के काम करना चाहिए। उन्होंने रामपुर चुनाव का जिक्र करते हुए कहा कि वहां जो हुआ, वैसा ही बंगाल में भी दोहराया जा सकता है। अंत में उन्होंने कहा कि यह जनता का चुनाव है और उन्हें पूरा भरोसा है कि पश्चिम बंगाल में एक बार फिर ममता बनर्जी की ही सरकार बनेगी।


वही बंगाल विधानसभा के नतीजे से पहले बिहार के पूर्णिया सांसद पप्पू यादव ने एक बड़ा दावा कर दिया है। पप्पू यादव का यह बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। जिसमें उन्होंने कहा है कि अगर बंगाल में बीजेपी जीत गई तो हम सेवा, मदद और इंसाफ के लिए संघर्ष करना छोड़ देंगे। सोशल मीडिया पर पप्पू यादव का बयान आज भी तेजी से वायरल हो रहा है। 


बंगाल में काउंटिग से पहले बिहार के नेता पप्पू यादव ने यह दावा किया है कि दीदी के अलावे कोई नहीं जीतेगा..उन्होंने आगे कहा कि यदि दीदी चुनाव नहीं जीती और बीजेपी यदि चुनाव जीत गया तो पप्पू यादव सेवा करना, मदद करना और संघर्ष करना बंद कर देगा। पप्पू यादव ने आगे कहा कि वैसे मुझे पूरा भरोसा है बंगाल की जनता ने बीजेपी का पूरी तरह सफाया कर दिया है। पप्पू यादव के इस बयान ने सियासी गलियारों में हलचल पैदा कर दी है।


पप्पू यादव के इस दावे पर बिहार के एक और नेता बेगूसराय से बीजेपी सांसद व केन्दीय मंत्री गिरिराज सिंह ने दावा किया कि बंगाल में बीजेपी की सरकार बनने नहीं बल्कि बीजेपी की सरकार बन गयी है। उन्होंने आगे कहा कि 4 मई के बाद टीएमसी के गुंडों को लटका दिया जाएगा। साथ ही बांग्लादेशी घुसपैठियों को बाहर कर दिया जाएगा।