NEW DELHI: फुकेट से दिल्ली आ रही एयर इंडिया की फ्लाइट संख्या AI-2379 के पायलट के डोप टेस्ट की रिपोर्ट दूसरी बार भी सही नहीं आई है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, लैब टेस्ट में पायलट के गांजा पीने की रिपोर्ट पॉजिटिव पाया गया है। मामले को गंभीर मानते हुए नागर विमानन महानिदेशालय (DGCA) ने दोनों पायलटों को ड्यूटी से हटा दिया है और पूरे मामले की जांच विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो (AAIB) कर रहा है।
उड़ान के दौरान विमान को लगे तेज झटके
फ्लाइट AI-2379 में 137 यात्री और 8 चालक दल के सदस्य सवार थे। उड़ान के दौरान विमान को तेज झटके लगे और वह अचानक लगभग 300 फीट नीचे आ गया। इस घटना में 13 यात्री और 4 क्रू मेंबर्स घायल हुए। नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू ने बताया कि घायल चालक दल के दो सदस्यों को रीढ़ की हड्डी के निचले हिस्से और गर्दन में चोटें आई हैं।
लैब जांच में पायलट का सैंपल पॉजिटिव
घटना के बाद मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) के तहत दोनों पायलटों की साइकोएक्टिव पदार्थों की जांच की गई। शुरुआती जांच में मुख्य पायलट संदिग्ध पाया गया, जिसके बाद उसके सैंपल को अंतिम पुष्टि के लिए लैब भेजा गया है। बता दें कि साइकोएक्टिव पदार्थ ऐसे रसायन या ड्रग्स होते हैं, जो मस्तिष्क और तंत्रिका तंत्र पर सीधा प्रभाव डालते हैं। मंत्रालय के अनुसार, प्रयोगशाला जांच में मुख्य पायलट का सैंपल मारिजुआना सेवन के लिए पॉजिटिव पाया गया है।
DGCA ने दोनों पायलटों को ड्यूटी से हटाया
नागर विमानन मंत्रालय ने कहा कि जांच पूरी होने तक DGCA ने फ्लाइट क्रू के दोनों सदस्यों को ड्यूटी से हटा दिया है। आगे की कार्रवाई जांच रिपोर्ट और अंतिम निष्कर्षों के आधार पर की जाएगी।
एयर इंडिया ने क्या कहा?
इससे पहले एयर इंडिया ने कहा था कि घटना के बाद नियमों के तहत पायलटों का डोप टेस्ट किया गया था, लेकिन परीक्षण के परिणाम एयरलाइन के साथ साझा नहीं किए गए हैं। इसलिए कंपनी किसी निष्कर्ष पर टिप्पणी करने की स्थिति में नहीं है। एयर इंडिया ने यह भी स्पष्ट किया कि वह नागर विमानन नियमों के तहत अपने क्रू मेंबर्स का नियमित ड्रग टेस्ट कराती रहती है।
मंत्रालय में उच्चस्तरीय बैठक
घटना के बाद एयर इंडिया के CEO और प्रबंध निदेशक कैंपबेल विल्सन ने नागरिक उड्डयन मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों से मुलाकात की। बैठक में एयर इंडिया के वरिष्ठ अधिकारी, टाटा संस के कार्यकारी सलाहकार और पूर्व नागरिक उड्डयन सचिव प्रदीप सिंह खरोला, उड़ान सुरक्षा प्रमुख दीपक जोशी, नागरिक उड्डयन सचिव समीर कुमार सिन्हा, DGCA महानिदेशक वीर विक्रम यादव और AAIB महानिदेशक जीवीजी युगंधर भी मौजूद थे। बैठक में किन मुद्दों पर चर्चा हुई, इसकी आधिकारिक जानकारी फिलहाल सार्वजनिक नहीं की गई है।