Air India pilots drug screening: फुकेट-दिल्ली उड़ान में टर्बुलेंस की घटना के बाद एअर इंडिया ने सुरक्षा को लेकर बड़ा फैसला लिया है। एयरलाइन ने अपने ग्रुप के सभी पायलटों की अनिवार्य ड्रग स्क्रीनिंग कराने का आदेश दिया है। इस जांच के तहत नियमों के मुताबिक प्रतिबंधित पदार्थों और दवाओं की जांच की जाएगी।



एअर इंडिया के मुताबिक, पायलटों की स्क्रीनिंग ट्रेनिंग और उड़ान के बाद की जाएगी। इसके लिए गुरुग्राम स्थित अकादमी, फ्लाइट ब्रीफिंग सेंटर और अलग-अलग बेस लोकेशन पर जांच की व्यवस्था की जाएगी। एयरलाइन का कहना है कि वह पहले से ही DGCA के सभी नियमों का पालन करती है, लेकिन यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए अब नियमों से आगे बढ़कर सभी पायलटों की स्क्रीनिंग का फैसला लिया गया है।



कंपनी ने कहा कि इस कदम का मकसद यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ-साथ एअर इंडिया पर लोगों का भरोसा बनाए रखना है। एयरलाइन के अनुसार, DGCA के मौजूदा नियम यूरोप और अमेरिका में लागू सुरक्षा मानकों के अनुरूप हैं।



बीते चार अगस्त को दिल्ली से फुकेट जाने वाली एअर इंडिया की उड़ान संख्या AI2379 में टर्बुलेंस की घटना हुई थी। सूत्रों के मुताबिक, फुकेट से दिल्ली लौटते समय विमान अचानक करीब 300 फीट नीचे आ गया। इसी दौरान मुख्य पायलट के कॉकपिट के फर्श पर पड़े होने की बात सामने आई थी। इस घटना में 15 से अधिक लोग घायल हुए थे।



विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो (AAIB) इस मामले की जांच कर रहा है। सूत्रों के हवाले से यह दावा भी किया गया है कि पायलट ने गांजा का सेवन किया था। इस संबंध में एक क्रू मेंबर ने शिकायत भी की थी। हालांकि, मामले की जांच अभी जारी है।



सूत्रों के मुताबिक, सीट से जुड़े प्रोटोकॉल को लेकर पायलट और एक केबिन क्रू सदस्य के बीच कहासुनी हुई थी। फुकेट पहुंचने के बाद भी दोनों के बीच तनाव पूरी तरह खत्म नहीं हुआ था। 11 अगस्त को एअर इंडिया के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) कैंपबेल विल्सन ने एयरलाइन के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ नागर विमानन सचिव समीर कुमार सिन्हा और अन्य अधिकारियों से मुलाकात की थी। 



सूत्रों के अनुसार, उड़ान संख्या AI2379 में हुई घटना के बाद नागर विमानन मंत्रालय ने एअर इंडिया के तीन वरिष्ठ अधिकारियों को बैठक के लिए बुलाया था। अब एयरलाइन की ओर से सभी पायलटों की अनिवार्य स्क्रीनिंग का फैसला इस घटना के बाद उठाए गए प्रमुख सुरक्षा कदमों में से एक माना जा रहा है।