DESK: भोपाल से दिल्ली जा रही एयर इंडिया की फ्लाइट (AI-1886) की रविवार को जयपुर एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। विमान में सवार सभी 140 बाल-बाल बचे।  विमान की सुरक्षित लैंडिंग के बाद यात्रियों ने राहत की सांस ली। विमान से यात्रियों को नीचे उतारा गया और फिर सभी को जयपुर एयरपोर्ट के अराइवल हॉल में लाया गया।


इंजन में खराबी की सूचना पर जयपुर डायवर्ट हुआ विमान

मिी जानकारी के मुताबिक, एयर इंडिया की फ्लाइट संख्या AI-1886 ने भोपाल के राजा भोज एयरपोर्ट से सुबह 8 बजकर 47 मिनट पर दिल्ली के लिए उड़ान भरी थी। विमान को निर्धारित समय के अनुसार सुबह 8 बजकर 25 मिनट पर टेकऑफ करना था, लेकिन उड़ान में देरी हुई।


उड़ान के दौरान विमान के इंजन में तकनीकी खराबी आने की सूचना मिली। शुरुआती जानकारी में इंजन फेल होने की बात सामने आ रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हो पाई है। स्थिति को देखते हुए पायलट ने एहतियात के तौर पर विमान को जयपुर की ओर डायवर्ट करने का फैसला लिया। जिसके बाद फ्लाइट की जयपुर एयरपोर्ट पर सुरक्षित इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। विमान में सवार सभी 140 यात्रियों को सुरक्षित उतार लिया गया।


एयर इंडिया की इंजीनियरिंग टीम करेगी जांच

विमान की लैंडिंग के बाद एयर इंडिया की इंजीनियरिंग टीम तकनीकी जांच में जुट गई है। जांच पूरी होने के बाद ही विमान को दोबारा उड़ान भरने की अनुमति दी जाएगी। फिलहाल इंजन में आई तकनीकी खराबी के कारणों का पता लगाया जा रहा है। मिली जानकारी के अनुसार, फ्लाइट को सुबह 9 बजकर 55 मिनट पर दिल्ली पहुंचना था, लेकिन रास्ते में तकनीकी समस्या के बाद इसे जयपुर डायवर्ट कर दिया गया।


इससे पहले लखनऊ में भी एयर इंडिया एक्सप्रेस की इमरजेंसी लैंडिंग

इससे पहले एयर इंडिया एक्सप्रेस के एक विमान की लखनऊ एयरपोर्ट पर भी इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई थी। विमान के कार्गो हिस्से में धुएं का अलार्म बजने के बाद पायलट ने तुरंत लखनऊ एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) से संपर्क किया और अनुमति मिलने के बाद विमान को सुरक्षित उतारा गया। विमान के लैंड करते ही रिस्पॉन्स टीम मौके पर पहुंची। फायर ब्रिगेड और तकनीकी विशेषज्ञों ने विमान की जांच की। शुरुआती जांच में विमान में धुएं का कोई संकेत नहीं मिला। इसके बाद धुएं का अलार्म किस वजह से सक्रिय हुआ, इसकी भी जांच की जा रही है।