Bride Demand 90 Lakh: आगरा से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां सुहागरात जैसी खुशियों भरी रात एक बड़े विवाद में बदल गई। आमतौर पर यह रात नए रिश्ते की शुरुआत मानी जाती है, लेकिन यहां मामला पैसों की भारी मांग और जानलेवा आरोपों तक पहुंच गया।


उत्तर प्रदेश के आगरा के जगदीशपुरा इलाके में शादी पूरी तरह सामान्य तरीके से संपन्न हुई। लेकिन विवाद तब शुरू हुआ जब सुहागरात से पहले दुल्हन ने दूल्हे के परिवार से 90 लाख रुपये नकद की मांग कर दी। दुल्हन का कहना था कि रकम मिलने के बाद ही वह घूंघट उठाएगी। यह मांग सुनकर दूल्हा और उसका परिवार स्तब्ध रह गया, क्योंकि इतनी बड़ी रकम देना उनके लिए संभव नहीं था।


जब दूल्हे पक्ष ने असमर्थता जताई, तो दुल्हन कथित तौर पर अपने गहने और सामान लेकर मायके लौट गई। परिवार को लगा कि मामला यहीं खत्म हो गया, लेकिन अगले ही दिन विवाद और बढ़ गया। आरोप है कि दुल्हन के परिजन दूल्हे के घर पहुंचे, परिवार को अंदर बंद कर दिया और पैसे के लिए दबाव बनाने लगे।


सबसे गंभीर आरोप यह है कि दुल्हन पक्ष के लोगों ने घर की PNG गैस लाइन से छेड़छाड़ कर आग लगाने की कोशिश की। हालांकि, समय रहते दूल्हे के परिवार ने 112 नंबर पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इस दौरान एक बड़ा हादसा टल गया।


घटना का वीडियो और खबर सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है। लोग इस पर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। कुछ ने इसे बेहद गंभीर अपराध बताते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की है, तो कुछ ने बिना पूरी जांच के किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से बचने की सलाह दी है। मामला चर्चा का विषय बना हुआ है और पुलिस पूरे घटना की जांच में जुटी हुई है।