Girl Dies After Eating Chowmein: उत्तर प्रदेश के एटा जिले के मिरहची कस्बे में रहने वाली 12 साल की बच्ची तनु की अचानक मौत से परिवार में मातम छा गया। तनु अपने परिवार के साथ कासगंज स्थित मां चामुंडा मंदिर में दर्शन करने गई थी।
परिजनों के मुताबिक, दर्शन के बाद मेले में चाऊमीन खाने के कुछ देर बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई। परिवार का कहना है कि चाऊमीन का एक टुकड़ा उसकी सांस की नली में फंस गया था, जिससे उसे सांस लेने में परेशानी होने लगी। परिजन उसे तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार, मिरहची कस्बे के निवासी शरद श्रीवास्तव का परिवार रामनवमी के अवसर पर कासगंज स्थित मां चामुंडा मंदिर में दर्शन करने गया था। इससे पहले घर पर कन्या-लांगुरों को भोजन कराया गया था। इसके बाद परिवार के सभी सदस्य माता रानी के दर्शन के लिए रवाना हुए। मंदिर में पूजा-अर्चना करने के बाद परिवार के लोग परिसर में लगे मेले में घूमने लगे। इस दौरान उन्होंने आइसक्रीम, चाऊमीन समेत अन्य खाद्य पदार्थ खरीदे। परिवार के साथ आई 12 वर्षीय तनु ने भी चाऊमीन खाई थी।
परिजनों के मुताबिक, चाऊमीन खाने के कुछ देर बाद ही तनु की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी। परिवार का कहना है कि चाऊमीन का टुकड़ा उसकी सांस की नली में फंस गया था, जिससे उसे सांस लेने में परेशानी होने लगी। बच्ची की हालत बिगड़ती देख परिजन घबरा गए और उसे आनन-फानन में कासगंज के कलावती अस्पताल लेकर पहुंचे। हालांकि, अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
तनु की अचानक मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। बच्ची की मौत से परिजन सदमे में हैं। परिजनों के मुताबिक, तनु के पिता शरद श्रीवास्तव के पहुंचने के बाद ही अंतिम संस्कार किया जाएगा। घटना के बाद परिवार और आसपास के लोगों में शोक का माहौल है।