WEST CHAMPARAN: पश्चिम चंपारण जिले के शिकारपुर थाना से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में सादे लिबास में बैठा एक व्यक्ति आवेदन लिखने के बदले पैसे लेते हुए दिखाई दे रहा है। वीडियो सामने आने के बाद मामले को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। FIRST BIHAR वायरल इस वीडियो की पुष्टि नहीं करता।
हालांकि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में दिखाई दे रहा व्यक्ति शिकारपुर थाना में पदस्थापित पुलिसकर्मी उमेश कुमार बताया जा रहा है। आरोप है कि थाना पहुंचे एक फरियादी से आवेदन लिखने के नाम पर पैसे लिए गए। वीडियो में कथित तौर पर संबंधित व्यक्ति यह कहते हुए भी सुनाई दे रहा है कि, "कागज, कलम फ्री का थोड़े ही आता है।" जितना मर्जी हो उतना दे दीजिए।
थाना वह स्थान है, जहां लोग न्याय और अपनी शिकायतों के समाधान की उम्मीद लेकर पहुंचते हैं। ऐसे में आवेदन लिखने के नाम पर पैसे लेने के आरोप पुलिस की छवि पर सवाल खड़े करते हैं।
हालांकि, इस वायरल वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। अभी तक पश्चिम चंपारण पुलिस की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। मामले की वास्तविक स्थिति पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
बेतिया से संतोष कुमार की रिपोर्ट