VAISHALI: वैशाली के सराय थाना क्षेत्र के अंजनी गांव में एक युवक को गोली मारने का मामला सामने आया है। गोली लगने से अविनाश कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया। आनन-फानन में उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए पटना स्थित पीएमसीएच रेफर कर दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही सराय थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। ग्रामीण एसपी भी सदर अस्पताल पहुंचे और घायल युवक का हाल जाना तथा घटना के संबंध में जानकारी ली।
जमीन विवाद में गोली मारने का आरोप
घायल युवक की मां ने आरोप लगाया है कि जमीन विवाद को लेकर उसके बेटे को उसके चचेरे देवर ने गोली मारी है। उन्होंने आरोपी की पहचान विशाल कुमार के रूप में की है। हालांकि, पुलिस अधिकारियों ने फिलहाल घटना के पीछे की वजह की पुष्टि नहीं की है।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। घटना के कारणों और गोलीबारी में शामिल लोगों की पहचान के लिए पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाल रही है।
गोलीबारी की घटना के बाद पुलिस हमलावरों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। साथ ही घायल युवक के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।