Bihar Crime News: बिहार के वैशाली जिले के महुआ में भूमि विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच मारपीट की घटना सामने आई है। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच जमकर लाठी-डंडे चले। घटना में करीब आधा दर्जन लोगों के घायल होने की सूचना है। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है। सूचना मिलने पर महुआ थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।
दरअसल, पूरा मामला महुआ थाना क्षेत्र के सुपौल टरीया पंचायत अंतर्गत गोपालपुर गांव का है। बताया जा रहा है कि खेत की जमीन को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद शुरू हुआ। पहले दोनों तरफ से कहासुनी हुई और देखते ही देखते मामला मारपीट तक पहुंच गया।
दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए और लाठी-डंडों से एक-दूसरे पर हमला करने लगे। घटना के दौरान महिलाओं समेत कई लोग बीच-बचाव करते भी दिखाई दिए।इस झड़प में करीब आधा दर्जन लोगों के घायल होने की सूचना है। सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजे जाने की बात सामने आई है।
घटना की जानकारी मिलते ही महुआ थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया।फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। दोनों पक्षों से पूछताछ के बाद मारपीट के कारणों और घटना में शामिल लोगों की भूमिका स्पष्ट हो सकेगी।
रिपोर्ट- मुन्ना खान, वैशाली