Bihar Crime News: वैशाली के लालगंज थाना क्षेत्र के मानपुर गांव में शातिर अपराधियों को पकड़ने गई पुलिस टीम पर अपराधी के परिजनों ने हमला कर दिया, जिसका फायदा उठा कर दोनों अपराधी मौके से फरार हो गए। वहीं लोगों द्वारा किए गए पथराव में थाना की एक गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गई है।
ग्रामीणों ने पुलिस पर ही बेरहमी से पिटाई करने का आरोप लगाया है। ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस सादे लिबास में पहुंची थी और घर मे बिना इजाजत घुस कर मारपीट करने लगी। महिलाओं ने बताया कि पुरुष पुलिस ने महिलाओं के साथ मारपीट की गई है हालांकि लालगंज एसडीपीओ ने आरोप को गलत बताते हुए कहा कि पुलिस पर हमला किए जाने के मामले में 5 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
बताया जा रहा है कि लालगंज थानाध्यक्ष को सूचना मिली थी कि मानपुर गांव का कुख्यात अपराधी अभिनंदन अपने एक साथी अपराधी राहुल के यहाँ अवैध हथियार के साथ छुपा हुआ है। जिसे गिरफ्तार करने के लिए पुलिस टीम देर रात मानपुर गांव पहुंची थी। जहां पहले तो लोगो ने पुलिसिया कार्रवाई का विरोध किया और फिर पुलिस गाड़ी पर पथराव कर दिया।
दूसरी तरफ गांव की महिलाओं ने आरोप लगाया कि पुलिस टीम ने कई लोगो के साथ मारपीट की और घर मे घुसकर तलाशी ली। बहरहाल पुलिस ने विरोध करने वाले 5 लोगो को गिरफ्तार कर लिया है और फरार अपराधीयो की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।