Bihar Crime News: बिहार के वैशाली मे पातेपुर के लदहो पंचायत के वार्ड-2 स्थित रूपनपट्टी गांव में देर रात चोरों ने बड़ी वारदात को अंजाम दिया। गांव निवासी परमानन्द सहनी के घर में घुसकर चोरों ने बेटी की शादी के लिए जुटाई गई पूंजी और सामान पर हाथ साफ कर दिया।
बताया जा रहा है की परमानन्द सहनी शुक्रवार को अपने पूरे परिवार के साथ तिलक लेकर वर पक्ष के यहां जाने वाले थे। घर में शादी और तिलक को लेकर उत्साह का माहौल था और सभी तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी थीं।
इसी बीच रात के अंधेरे का फायदा उठाकर चोर घर में दाखिल हुए और तिलक व उपहार के रूप में रखे गए लगभग तीन लाख रुपये नकद, सोने-चांदी के गहने, नए कपड़े तथा अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो गए।
सुबह जब परिवार के लोगों को चोरी की भनक लगी, तो घर की खुशियां मातम और चिंता में बदल गईं। जिस तिलक की रस्म को लेकर घर में चहल-पहल थी, अचानक आए इस संकट ने पूरे परिवार को झकझोर कर रख दिया है।
घटना के बाद गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं, और परिवार के सामने शादी की आगे की तैयारियों को लेकर बड़ी चुनौती खड़ी हो गई है। पीड़ित परिवार ने पुलिस को सूचना दे दी है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
रिपोर्ट- मुन्ना खान, वैशाली