SVU Raid Bihar: बिहार में आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के मामले में विशेष निगरानी इकाई (SVU) ने बड़ी कार्रवाई की है। मंगलवार को एसवीयू की अलग-अलग टीमों ने गोपालगंज सदर की अनुमंडलाधिकारी (SDO) कुमारी प्रेरणा और उनके इंजीनियर पति रितेश कुमार से जुड़े छह ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की।



जानकारी के अनुसार, रितेश कुमार पटना में पथ प्रमंडल में एग्जीक्यूटिव इंजीनियर के पद पर कार्यरत हैं। एसवीयू की टीमें पटना, रोहतास और गोपालगंज में उनके आवासीय और अन्य ठिकानों पर तलाशी अभियान चला रही हैं।



बताया जा रहा है कि आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने की शिकायत मिलने के बाद निगरानी इकाई ने यह कार्रवाई शुरू की है। जांच टीम दंपती की ज्ञात आय और उनकी ओर से अर्जित संपत्तियों का ब्योरा जुटा रही है।



छापेमारी के दौरान एसवीयू के अधिकारी संपत्ति से जुड़े दस्तावेज, बैंक खातों के रिकॉर्ड, वित्तीय लेन-देन का विवरण और अन्य महत्वपूर्ण कागजात खंगाल रहे हैं। जांच का मुख्य उद्देश्य यह पता लगाना है कि दंपती की वैध आय के स्रोतों और उनकी अर्जित संपत्तियों के बीच कितना अंतर है।



फिलहाल, एसवीयू की टीमें सभी छह ठिकानों पर तलाशी और दस्तावेजों की जांच में जुटी हैं। छापेमारी के दौरान मिलने वाले दस्तावेजों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

रिपोर्ट- नमो नारायण मिश्रा, गोपालगंज