Bihar Crime News: बिहार के सुपौल से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां एक युवक ने पिता के साथ दूध लेकर लौट रही सात साल की मासूम की बेरहमी से हत्या कर दी। घटना के बाद लोगों का आक्रोश भड़क उठा है और गुस्साए लोगों ने आरोपी युवक के घर में आग लगा दी। घटना सदर थाना क्षेत्र के परसरमा वार्ड 8 की है।



गुरुवार की देर रात गांव के शंभू साह अपनी 7 वर्षीय बेटी के साथ गांव से ही दूध लेकर अपने घर लौट रहे थे। आगे-आगे शंभू साह चल रहे थे और पीछे पीछे उसकी 7  वर्षीय बेटी प्रीति कुमारी हाथ में दूध की बोतल लेकर अपने घर लौट रही थी, तभी गांव के ही एक युवक ने प्रीति पर कुदाल से ताबड़तोड़ प्रहार कर दिया। युवक ने लगातार कुदाल से प्रहार कर प्रीति के टुकड़े टुकड़े कर दिये, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।



इस घटना के बाद गांव में कोहराम मच गया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी राजू साह भागकर अपने घर में छिप गया। गांव के लोग आरोपी के घर पहुंच गए और घर को आग के हवाले कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही सदर SDPO राजीव रंजन के नेतृत्व में कई थाने की पुलिस घटनास्थल पर पहुंच गई। पुलिस ने आरोपी युवक को अपनी गिरफ्त में ले लिया।



घटना के बाद गांव में भारी आक्रोश देखा जा रहा है। पुलिस और प्रशासन द्वारा लोगों को कानून हाथ में नहीं लेने की अपील की गई है। गांव में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और गिरफ्त में आए आरोपी से कड़ी पूछताछ में जुटी है।