SITAMARHI: सीतामढ़ी जिले के रीगा थाना क्षेत्र में शनिवार को अपराधियों ने दिनदहाड़े बड़ी वारदात को अंजाम देते हुए कुख्यात अपराधी राकेश यादव के भाई दिनेश यादव की गोली मारकर हत्या कर दी। यह घटना भभदेपुर के पास हुई, जहां बदमाशों ने दिनेश यादव पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं। हमले में उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई और लोगों की भारी भीड़ घटनास्थल पर जुट गई। पुलिस ने मौके से आधा दर्जन से अधिक खोखा बरामद किया है, जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि अपराधियों ने कई राउंड फायरिंग की।
मृतक दिनेश यादव, कुख्यात अपराधी राकेश यादव का भाई था। राकेश यादव पर पुलिस ने ₹25 हजार का इनाम घोषित कर रखा है और वह सीतामढ़ी शहर के मेहसौल चौक स्थित जमीन कारोबारी पुट्टू खान हत्याकांड में फरार चल रहा है।
घटना के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सीतामढ़ी सदर अस्पताल भेज दिया। वहीं, वारदात की सूचना मिलते ही सदर डीएसपी राजीव कुमार सिंह, नगर थाना प्रभारी तथा रीगा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
फिलहाल पुलिस हत्या के कारणों और अपराधियों की पहचान में जुटी है। इस सनसनीखेज हत्याकांड के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और फरार बदमाशों की तलाश में छापेमारी की जा रही है।