SITAMARHI: बिहार में अपराधियों के मन से पुलिस का डर पूरी तरह से खत्म हो चुका है। बेखौफ बदमाश वारदातों को अंजाम देकर पुलिस को चैलेंज कर रहे हैं। ताजा मामला सीतामढ़ी से सामने आया है, जहां लूटपाट के दौरान बाइक सवार अपराधियों ने एक सीएसपी संचालक को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। दिनदहाड़े हुई गोलीबारी की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है। घटना बथनाहा थाना क्षेत्र की है।
बताया जा रहा है कि सीएसपी संचालक विजय कुमार गुरुवार की दोपहर काम के सिलसिले में निकला था। इसी दौरान बाइक सवार तीन बदमाशों ने उसे बीच रास्ते में रोक दिया और पिस्टल दिखाकर लूटपाट की कोशिश करने लगे। सीएसपी संचालक के पास पैसे नहीं होने से नाराज बदमाशों ने विजय कुमार के पैर में गोली मार दी और मौके से फरार हो गए। गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए और घटना की जानकारी पुलिस को दी।
वारदात की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल सीएसपी संचालक को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है और मामले के छानबीन में जुट गई है। अपराधियों की पहचान के लिए पुलिस इलाके में लगे सीसीटीवी के फुटेज को खंगाल रही है और बदमाशों को जल्द ही गिरफ्तार कर लेने का दावा किया है। इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोग पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठा रहे हैं।