SASARAM: सासाराम से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। रोहतास थाना क्षेत्र की अवसानी नदी में मछली पकड़ने के दौरान मछुआरों के जाल में मछली की जगह हथियारों से भरा झोला फंस गया। झोला खोलने पर उसमें एक देसी रिवॉल्वर और दो देसी कट्टा मिले। नदी से हथियार मिलने की खबर फैलते ही इलाके में सनसनी फैल गई।
बताया जाता है कि मछुआरे अवसानी नदी में मछली पकड़ने के लिए जाल डाल रहे थे। इसी दौरान जाल में एक झोला फंस गया। मछुआरों ने जब झोला बाहर निकाला तो उसमें तीन हथियार देखकर उनके होश उड़ गए। इसके बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
पुलिस ने हथियारों को लिया कब्जे में
मछुआरों ने तत्काल इसकी सूचना रोहतास थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और झोले से बरामद हथियारों को अपने कब्जे में ले लिया।
इस मामले में एसडीपीओ सिंधु शेखर सिंह ने बताया कि पहाड़ी नदी में हथियार कहां से आए और इन्हें किसने यहां छिपाया था, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस हथियारों के स्रोत और मामले से जुड़े लोगों का पता लगाने में जुटी है।