Bihar Crime News: छपरा के इसुआपुर थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह अपराधियों ने बड़ी वारदात को अंजाम दिया। तीन बाइक सवार बदमाशों ने केरवां पैक्स के प्रबंधक छोटेलाल साह पर हमला कर उनसे ₹5 लाख 60 हजार रुपये और मोटरसाइकिल लूट ली।


जानकारी के मुताबिक, छोटेलाल साह, परसा गांव निवासी और केरवां पैक्स के प्रबंधक, सोमवार सुबह अपने घर से रुपये लेकर रामपुर अटौली पैक्स डोईला मिल जा रहे थे। रुपये मोटरसाइकिल की डिकी में रखे थे। चहपुरा देवी स्थान के पास घात लगाए अपराधियों ने उनकी बाइक रोक ली।


प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अपाचे बाइक पर सवार तीन बदमाशों ने पहले उनकी मोटरसाइकिल की चाबी छीनी और रुपये व बाइक छीनने का प्रयास किया। विरोध करने पर अपराधियों ने उन पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। 


हमले में छोटेलाल साह की पीठ पर छह, बाएं हाथ पर तीन और पैर पर एक वार किया गया। वे गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद अपराधी मौके से फरार हो गए। दिनदहाड़े हुई इस लूट और हमले ने पुलिस की सक्रियता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है।

रिपोर्ट- पवन कुमार सिंह, छपरा