Police Encounter in Bihar: बिहार के समस्तीपुर जिले में पुलिस और अपराधियों के बीच एक बार फिर मुठभेड़ हुई है। वैशाली और समस्तीपुर जिले की सीमा पर स्थित बंगरा थाना क्षेत्र के बलीगांव के पास यह एनकाउंटर हुआ है।
पुलिस और STF की संयुक्त कार्रवाई में कुख्यात अपराधी अमन कुमार को दौड़ाकर गोली मारी गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं उसका एक साथी पुलिस की जवाबी कार्रवाई के दौरान भागने की कोशिश में गिरकर घायल हो गया। दोनों घायलों को गिरफ्तार कर इलाज के लिए समस्तीपुर सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
समस्तीपुर सदर डीएसपी ने जानकारी दी कि अमन कुमार एक पेशेवर अपराधी है और हाल ही में जेल से बाहर आया था। वह किसी बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की फिराक में था। अमन चकहैसी थाना क्षेत्र का निवासी है, जबकि उसका साथी लक्ष्मी मुजफ्फरपुर जिले के मुसहरी का रहने वाला है।
इससे पहले सीतामढ़ी जिले में भी पुलिस ने CSP संचालक से डेढ़ लाख रुपये की लूट में शामिल आरोपी को मुठभेड़ के दौरान पैर में गोली मारकर गिरफ्तार किया था। इस कार्रवाई में एक अपराधी के पैर में गोली लगी, जबकि उसके साथ 5 अन्य अपराधियों को भी पुलिस ने दबोच लिया था।