Bihar News: समस्तीपुर के कर्पूरीग्राम थाना क्षेत्र के जगतसिंहपुर बांध बाईपास पर नाबालिग छात्रा से छेड़खानी के मामले में आरोपियों के खिलाफ प्रशासन ने कार्रवाई की है। सदर एसडीओ के आदेश पर आरोपियों के घरों पर बुलडोजर चलाया गया।
प्रशासन के अनुसार, आरोपियों द्वारा सरकारी जमीन पर कथित तौर पर अवैध अतिक्रमण कर निर्माण कराया गया था। पुलिस बल की मौजूदगी में प्रशासन की टीम ने मौके पर पहुंचकर इन निर्माणों को ध्वस्त कर दिया।
कार्रवाई के दौरान आरोपियों में से एक के खिलाफ भी प्रशासनिक कार्रवाई की गई। बताया गया कि आरोपी जनवितरण प्रणाली (PDS) की दुकान चलाता था। उसका जनवितरण दुकान का लाइसेंस भी रद्द कर दिया गया है।
बता दें कि समस्तीपुर के कर्पूरीग्राम थाना क्षेत्र के जगतसिंहपुर बांध बाईपास रोड पर नाबालिग लड़की के साथ छेड़खानी का मामला सामने आय़ा था।लड़की अपने बॉयफ्रेंड के साथ बाइक से कहीं जा रही थी, और एक जगह रुक कर लड़की अपने उस साथी से फोटो शूट करवा रही थी।
इसी दौरान वहां मौजूद कुछ मनचले लड़को की नजर उन दोनों पर पड़ गई और पूछताछ के बहाने दोनों के साथ मारपीट शुरू कर दी। कुछ मनचलों ने लड़की के साथ छेड़खानी शुरू कर दी थी। इस मामले में अब तक चार आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। वहीं, कुछ अन्य आरोपी अभी फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश कर रही है।