SAHARSA: बिहार में पूर्ण शराबबंदी लागू होने के बावजूद शराब तस्करी का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। तस्कर अब ऑटो और सार्वजनिक वाहनों का इस्तेमाल कर शराब की अवैध सप्लाई कर रहे हैं। सहरसा जिले के सौरबाजार थाना क्षेत्र में पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में विदेशी शराब के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है।


सौरबाजार थाना पुलिस ने दुखभंजन नगर इलाके में घेराबंदी कर एक संदिग्ध टेंपो को रोका। वाहन की तलाशी लेने पर उसमें से 83.850 लीटर विदेशी शराब बरामद हुई। पुलिस ने शराब ढुलाई में इस्तेमाल किए जा रहे टेंपो को जब्त कर लिया और मौके से दो तस्करों को गिरफ्तार कर लिया।


गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बैजनाथपुर थाना क्षेत्र के इटहरा गांव निवासी संदीप कुमार (मुन्ना राय के पुत्र) और अरविंद कुमार (दुनिलाल महतो के पुत्र) के रूप में हुई है।


पुलिस के अनुसार पूछताछ के दौरान आरोपियों ने शराब तस्करी के नेटवर्क से जुड़े कई अहम सुराग दिए हैं। मामले की जानकारी देते हुए सौरबाजार थानाध्यक्ष सुबोध कुमार ने बताया कि सौरबाजार थाना कांड संख्या 223/26 के तहत बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज की गई है।


दोनों आरोपियों को कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि शराब की यह खेप कहां से लाई गई थी और इसे किसे पहुंचाया जाना था।