SAHARSA: बिहार में निगरानी की लगातार कार्रवाई के बावजूद घूसखोर अपनी करतूतों से बाज नहीं आ रहे हैं। इस बार सहरसा में निगरानी ने बड़ी कार्रवाई की है। पटना से आई विशेष निगरानी इकाई की टीम ने भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए राजस्व कर्मचारी श्याम प्रसाद सिंह और उसके कथित दलाल फुलचंद साह को 16 हजार रुपये घूस लेते रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया।
यह कार्रवाई शिकायतकर्ता मुहम्मद हयात की लिखित शिकायत के आधार पर की गई। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि जमीन का रसीद काटने के बदले रिश्वत की मांग की जा रही थी। राजस्व कर्मचारी पर आरोप था कि रिश्वत नहीं देने पर संबंधित काम करने से मना कर दिया गया था।
विशेष निगरानी इकाई ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की और सत्यापन के बाद जाल बिछाकर कार्रवाई की। टीम ने महिषी अंचल कार्यालय से जुड़े राजस्व कर्मचारी श्याम प्रसाद सिंह और उसके कथित दलाल फुलचंद साह को 16 हजार रुपये लेते हुए पकड़ लिया।
इस मामले में विशेष निगरानी इकाई, पटना द्वारा भ्रष्टाचार निरोधक कानून की धारा 7 तथा भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की धारा 61(2) (a) के तहत कांड संख्या 19/2026 दर्ज किया गया है। विशेष निगरानी इकाई के अपर पुलिस महानिदेशक पंकज कुमार दाराद ने बताया कि दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है. गिरफ्तार आरोपियों को गुरुवार को निगरानी न्यायालय, पटना में पेश किया जाएगा।