Bihar Crime News: बिहार के रोहतास जिले में अपराधियों ने एक 28 वर्षीय युवक की बेरहमी से हत्या कर दी। हत्या के बाद अपराधियों ने युवक के शव और उसकी बाइक को मझौली गेट के पास एक गड्ढे में फेंक दिया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
युवक की हत्या से आक्रोशित ग्रामीणों ने राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 319 (NH-319) के आरा-मोहनिया पथ को जाम कर दिया। इससे सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया। मृतक की पहचान 28 वर्षीय बच्चा यादव के रूप में हुई है। वह रोहतास जिले के कोचस थाना क्षेत्र के अमइसी डिहरा गांव निवासी स्वर्गीय उमाशंकर सिंह के पुत्र थे। बच्चा यादव कोचस में गाड़ियों की एजेंटी का काम करते थे।
मिली जानकारी के अनुसार, बुधवार को बच्चा यादव बाइक से कोचस से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान मझौली गेट के समीप अपराधियों ने उन्हें निशाना बनाया और बेरहमी से हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधियों ने शव और उनकी बाइक को पास के चाट में फेंक दिया। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया। युवक की हत्या से नाराज ग्रामीण सड़क पर उतर आए और आरा-मोहनिया मार्ग स्थित NH-319 को जाम कर दिया।
सड़क जाम होने के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। इससे राहगीरों और वाहन चालकों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। ग्रामीणों में घटना को लेकर काफी आक्रोश देखा गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस आक्रोशित ग्रामीणों को समझाकर सड़क जाम हटवाने का प्रयास कर रही है। फिलहाल हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस वारदात में शामिल अपराधियों की पहचान करने और हत्या के कारणों का पता लगाने में जुटी है। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है।