Bihar News: पूर्वी चंपारण जिले के रक्सौल में एसटीएफ और पुलिस की संयुक्त टीम ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए करीब चार करोड़ रुपये मूल्य की 1.806 किलोग्राम स्मैक जैसे मादक पदार्थ को बरामद किया है। इस दौरान दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। 




पुलिस के अनुसार,  शाम गुप्त सूचना मिली थी कि सफेद रंग की स्कॉर्पियो-एन गाड़ी से सुगौली की ओर से लक्ष्मीपुर चेक पोस्ट होते हुए रक्सौल में मादक पदार्थ की खेप लाई जा रही है। सूचना के बाद रक्सौल एसडीपीओ के नेतृत्व में एसटीएफ मोतिहारी और अन्य अधिकारियों की संयुक्त टीम गठित की गई।




टीम ने लक्ष्मीपुर चेक पोस्ट के पास संदिग्ध स्कॉर्पियो-एन को रोककर तलाशी ली। इस दौरान 1.806 किलोग्राम स्मैक जैसा मादक पदार्थ बरामद हुआ। पुलिस ने मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। वाहन से दो मोबाइल फोन और सोने जैसी धातु का एक लॉकेट भी जब्त किया गया है। 




मामले में रक्सौल थाना कांड संख्या 477/26 दर्ज कर पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है। अब जांच के जरिए तस्करी के नेटवर्क और इस कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है।

रिपोर्ट- सोहराब आलम, मोतिहारी