Bihar Crime News: पूर्वी चंपारण के रक्सौल में भारत-नेपाल सीमा पर एसएसबी ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। मैत्री पुल के पास जांच के दौरान एसएसबी जवानों ने नेपाल से भारत आ रहे एक ई-रिक्शा से करीब 11 किलो चरस बरामद की है। बरामद चरस की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 25 लाख रुपये आंकी गई है।



बताया जा रहा है कि एसएसबी की टीम मैत्री पुल के पास नियमित जांच और निगरानी कर रही थी। इसी दौरान नेपाल की ओर से आ रहे ई-रिक्शा पर जवानों को संदेह हुआ। वाहन को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें छिपाकर रखी गई चरस की बड़ी खेप बरामद हुई। मौके से एक तस्कर को भी गिरफ्तार किया गया।



डीएसपी मनीष आनंद के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी ई-रिक्शा से नेपाल की ओर से चरस लेकर भारत में प्रवेश कर रहा था। कार्रवाई के बाद बरामद चरस और गिरफ्तार आरोपी को आगे की कानूनी प्रक्रिया के लिए हरैया थाना पुलिस को सौंप दिया गया है। 



अब पुलिस गिरफ्तार तस्कर से पूछताछ कर रही है। जांच में यह पता लगाया जा रहा है कि चरस की खेप नेपाल में कहां से लाई गई थी और इसे भारत में किसे पहुंचाया जाना था। पुलिस तस्करी से जुड़े अन्य लोगों और पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटाने में लगी है।

रिपोर्ट- सोहराब आलम, मोतिहारी