MOTIHARI: बिहार में शराबबंदी कानून लागू होने के बावजूद शराब के अवैध कारोबार से जुड़े लोग अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहे हैं। मोतिहारी पुलिस ने एक बड़े शराब तस्करी के रैकेट का भंडाफोड़ करते हुए पूर्व जिला परिषद सदस्य की बेटी (Former Zilla Parishad member's daughter), कोर्ट के एक क्लर्क और उसकी पत्नी को भारी मात्रा में शराब की बोतलों के साथ गिरफ्तार किया है।


बताया जाता है कि मोतिहारी की बंजरिया थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि झखिया गांव में पूर्व जिला परिषद सदस्य मंजू देवी की बेटी पूजा कुमारी, क्लर्क बाबूलाल सहनी और उसकी पत्नी उषा देवी नए वर्ष में शराब की डिलीवरी करने के लिए काफी संख्या में शराब की बोतलों का स्टॉक किया है।


जिसके बाद पुलिस ने छापेमारी की और पलंग के दराज के नीचे कार्टन में छिपाकर रखे भारी मात्रा में विदेशी शराब को जब्त किया। पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। एसपी स्वर्ण प्रभात ने इसकी जानकारी देते हुए बताया कि बंजरिया थाने इलाके में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है और काफी संख्या में विदेशी शराब की ब्रांडेड बोतलों के साथ तीन लोगों को गिरफ्तार किया है।

रिपोर्ट- सोहराब आलम