Bihar Crime News: बिहार के पूर्णिया जिले के धमदाहा थाना क्षेत्र अंतर्गत धरहरा जमुनिया गांव के पास रविवार देर शाम बाइक सवार नकाबपोश अपराधियों ने 23 वर्षीय युवक को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। पेट में गोली लगने से युवक की हालत नाजुक बनी हुई है। उसका इलाज पूर्णिया जीएमसीएच में चल रहा है।




घायल की पहचान सरसी थाना क्षेत्र के दुर्गापुर बालू टोल निवासी कृष्ण यादव के पुत्र राजेश कुमार के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, राजेश अपने एक दोस्त के साथ घर से करीब तीन किलोमीटर दूर काली स्थान बाजार सब्जी खरीदने गया था। खरीदारी के बाद दोनों बाइक से घर लौट रहे थे। 




इसी दौरान धरहरा जमुनिया गांव के पास पीछे से बाइक पर आए नकाबपोश अपराधियों ने उन पर गोली चलाई, लेकिन निशाना चूक गया। आरोप है कि हमलावरों ने आगे बढ़कर उनकी बाइक को ओवरटेक किया और सामने से राजेश के पेट में गोली मार दी। 




गोली लगते ही वह लहूलुहान होकर गिर पड़ा, जबकि उसका दोस्त भी दहशत और धक्के से बेहोश होकर नीचे गिर गया। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। आनन-फानन में जीएमसीएच पहुंचाया गया। पुलिस मामले की छानबीन और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए जुटी है। गोलीबारी के पीछे की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हुई है।