Patna Crime News: राजधानी पटना में अपराध और अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत खाजेकलां थाना पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 5 अपराधियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से भारी मात्रा में अवैध शराब, गांजा और चोरी के कई वाहन बरामद किए गए हैं।
पुलिस ने छापेमारी के दौरान 250 लीटर शराब, 1 किलो 100 ग्राम गांजा, 2 चोरी की स्कूटी, 2 चोरी की बाइक और एक ई-रिक्शा बरामद किया। अधिकारियों के मुताबिक गिरफ्तार अपराधियों में एक ऐसा शातिर भी शामिल है, जो जेल से बाहर आने के कुछ ही दिनों बाद फिर से बड़ी लूट की साजिश रच रहा था।
गिरफ्तार आरोपी मो. तौसीफ का आपराधिक रिकॉर्ड काफी लंबा बताया जा रहा है। वह हत्या जैसे गंभीर मामलों में पहले भी जेल जा चुका है। हाल ही में आलमगंज थाना क्षेत्र के एक मामले में भी वह जेल में बंद था और महज चार दिन पहले ही जमानत पर बाहर आया था।
पुलिस को सूचना मिली थी कि खाजेकलां इलाके में एक व्यापारी को निशाना बनाकर लूट की तैयारी की जा रही है। इसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पूरी योजना को नाकाम कर दिया। इस मामले में आरोपी के दो साथियों को पहले ही हथियारों के साथ गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।
पटना पुलिस का कहना है कि शहर में अपराध नियंत्रण और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। फिलहाल सभी गिरफ्तार अपराधियों से पूछताछ जारी है और उनके नेटवर्क को खंगाला जा रहा है।