Bihar Crime News: पटना पुलिस ने मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। नेउरा थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए एक ऑटो से दो महिलाओं समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 1.151 किलोग्राम स्मैक जैसा मादक पदार्थ बरामद किया गया है।



दरअसल, 15 जुलाई को सूचना मिली थी कि एक ऑटो में सवार कुछ लोग इलाके में घूम-घूमकर मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री कर रहे हैं। सूचना के बाद अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी-2, दानापुर के नेतृत्व में नेउरा थाना और डीआईयू टीम ने संयुक्त छापेमारी की।



मधुपुर पुल के पास वाहन जांच के दौरान संदिग्ध ऑटो को रोका गया। तलाशी लेने पर दो महिलाओं के पास से काले रंग की पॉलीथिन में कुल 1715 पुड़िया स्मैक बरामद हुई, जिसका कुल वजन 1 किलो 151 ग्राम पाया गया। इसके बाद दोनों महिलाओं और ऑटो चालक को गिरफ्तार कर लिया गया।



गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रोमा कुमारी (20 वर्ष), खुशी कुमारी (21 वर्ष) और मिथिलेश कुमार के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, रोमा और खुशी के खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। इस मामले में नेउरा थाना में एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

रिपोर्ट- सूरज कुमार, पटना