PATNA: खबर राजधानी पटना से है, जहां बेखौफ अपराधियों ने एक बुजुर्ग महिला की बेरहमी से हत्या कर दी। घर के पास बथान में सो रही महिला की ईंट-पत्थर से कूंचकर हत्या की गई है। बदमाशों ने महिला की हत्या के बाद उसके शव को गांव के बाहर फेंक दिया था। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस मामले के छानबीन में जुट गई है। घटना फुलवारी शरीफ थाना क्षेत्र की है।
मृतक महिला की पहचान हिंदूनी गांव निवासी 73 वर्षीय बासु देवी के रूप में की गई है। बताया जा रहा है कि बासु देवी ग्रामीण महिला थीं और अपने बथान पर ही सोती थीं। मंगलवार को भी बासु देवी अपने बथान में सो रही थीं। इसी दौरान बदमाशों ने बेरहमी से उनकी हत्या कर दी और शव को गांव के बाहर फेंक दिया।
उधर, घटना की जानकारी मिलते ही एसडीपीओ के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस ने फॉरेंसिक टीम के साथ-साथ डॉग स्क्वायड की टीम को भी मौके पर बुलाया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। किस कारण से बासु देवी की हत्या की गई फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस ने जल्द ही हत्याकांड का खुलासा कर लिए जाने का भरोसा दिलाया है।