PATNA: बिहार में बेखौफ हो चुके बदमाश कारोबारियों को अपनी गोली का निशाना बना रहे हैं। ताजा मामला राजधानी पटना से सामने आया है जहां अपराधियों ने एक बालू कारोबारी की गोली मारकर हत्या कर दी। इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। घटना रानीतलाब थाना क्षेत्र की है।
मृतक की पहचान रानीतलाब थाना क्षेत्र के बेरर गांव निवासी बालू कारोबारी देवराज यादव के तौर पर हुई है। बताया जा रहा है कि देवराज रविवार की रात कहीं जा रहे थे, तभी बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। फायरिंग की इस घटना में देवराज को तीन गोलियां लगीं। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश मौके से फरार हो गए। आनन-फानन में खून से लथपथ बालू कारोबारी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतक बालू कारोबारी के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले के छानबीन में जुट गई है। उधर,मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया जा रहा है कि बालू कारोबारी देवराज यादव की दो महीने पहले किसी के साथ मारपीट हुई थी। मारपीट की इस घटना के बाद देवराज अपने साथ बॉडीगार्ड रखना शुरू कर दिया था। इसके बाद से ही वह विरोधियों के निशाने पर था।