Patna Crime News: राजधानी पटना के बुद्धा कॉलोनी थाना क्षेत्र में मजदूर दिवस के दिन एक दर्दनाक घटना ने सभी को झकझोर कर रख दिया। राजा पुल के पास शुक्रवार सुबह एक युवक का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान मानपुर निवासी 31 वर्षीय शिव शंकर चौहान के रूप में हुई है, जो पेशे से राजमिस्त्री था।
परिजनों के अनुसार, शिव शंकर गुरुवार रात परिवार के साथ शादी की तैयारियों में जुटा था। घर में खुशी का माहौल था, मेहंदी और अन्य रस्में चल रही थीं। रात करीब 2 बजे सभी सो गए। सुबह करीब 4 बजे शिव शंकर चाय पीने के लिए घर से निकला, लेकिन वापस नहीं लौटा।
सुबह लगभग 6 बजे परिजनों को सड़क किनारे एक शव मिलने की सूचना मिली। मौके पर पहुंचकर देखा तो वह शिव शंकर ही थे। यह खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और शादी की खुशियां पल भर में मातम में बदल गईं।
घटना का CCTV फुटेज भी सामने आया है, जिसमें साफ देखा जा सकता है कि 5 बदमाश और एक महिला शिव शंकर को गली में दौड़ा-दौड़ाकर बेरहमी से पीट रहे हैं। हालांकि, इस हमले के पीछे की वजह अभी तक स्पष्ट नहीं हो सकी है। परिजनों का कहना है कि जिस इलाके में वारदात हुई, वहां पास में हल्दी की रस्म चल रही थी और उसी दौरान यह घटना घटी।
मृतक के पीछे पत्नी अर्चना देवी और दो छोटे बच्चे—5 साल का बेटा और 9 साल की बेटी—हैं। घटना के बाद पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और FSL टीम के साथ जांच शुरू कर दी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है और जल्द ही गिरफ्तारी की जाएगी।