Patna Crime News: पटना जिले के पचमहला थाना क्षेत्र में रुपया डबल करने का लालच देकर लोगों से ठगी करने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। छापेमारी के दौरान पुलिस ने 10 लाख 10 हजार रुपये नगद और दो मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं।


जानकारी के अनुसार, 7 मई 2026 को पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ लोग आम जनता को कम समय में पैसा दोगुना करने का झांसा देकर ठगी कर रहे हैं। सूचना मिलते ही अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बाढ़-01 के निर्देशन में पचमहला थानाध्यक्ष के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया।


पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ग्राम रामपुर डुमरा स्थित एक घर में छापेमारी की, जहां से पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया। शुरुआती जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी एजेंटों के जरिए बिहार समेत दूसरे राज्यों के लोगों को भी अपने जाल में फंसाते थे।


पुलिस के अनुसार गिरोह लोगों को लालच देकर उनसे मोटी रकम निवेश करवाता था और फिर ठगी को अंजाम देता था। फिलहाल सभी गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है। 


इस पूरे मामले को लेकर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बाढ़-01 रामकृष्णा ने बताया कि गिरोह काफी संगठित तरीके से काम कर रहा था और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।