Patna Crime News: राजधानी पटना के शास्त्री नगर थाना क्षेत्र के ललित भवन से सटे लिंक पथ में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक नाबालिग लड़की का शव बरामद हुआ। मृतका की उम्र करीब 16 से 17 वर्ष बताई जा रही है, हालांकि उसकी पहचान अब तक नहीं हो सकी है।
प्राथमिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि लड़की की हत्या कर शव को यहां फेंका गया है। हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा। घटना की सूचना मिलते ही शास्त्री नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। मृतका की पहचान के लिए पुलिस इलाके में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।
सचिवालय एसडीपीओ 2 साकेत कुमार ने बताया कि एफएसएल और डॉग स्क्वाड की टीम की मदद से जांच शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि ऐसा लगता है कि दूसरी जगह वारदात को अंजाम देने के बाद शव को यहां लाकर फेंक दिया गया है।
रिपोर्ट- सूरज कुमार, पटना