Khan Sir FIR: पटना में कोचिंग विवाद से जुड़ी बड़ी खबर सामने आ रही है। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक किसी भी वक्त खान सर की गिरफ्तारी हो सकती है। खान सर की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की नई टीम का गठन किया गया है। इसकी जिम्मेवारी DIU को सौंपी गई है। ऐसा माना जा रहा है कि आज देर रात तक खान सर की गिरफ्तारी हो सकती है।
दरअसल, राजधानी पटना में खान सर (फैसल खान) के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है। कदमकुआं थाना पुलिस ने उनके खिलाफ हत्या की कोशिश (Attempt to Murder) और आर्म्स एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज की है। भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109 के तहत केस दर्ज किया गया है, जिसमें 10 साल तक की सजा और जुर्माने का प्रावधान है। इस धारा में अग्रिम जमानत का प्रावधान भी सीमित है।
पुलिस को दिए गए बयान में खान सर के बॉडीगार्ड्स ने आरोप लगाया है कि उन्हें कथित तौर पर निर्देश दिया गया था “तुम गोली चलाओ, बाकी हम देख लेंगे।” इसी बयान को आधार बनाकर पुलिस ने खान सर को मामले में नामजद आरोपी बनाया है। FIR दर्ज होने के बाद उनके वकील कोचिंग संस्थान पहुंचे।
वहीं कानून-व्यवस्था को लेकर IG कार्यालय में पुलिस की उच्चस्तरीय बैठक भी जारी है। पुलिस ने छात्रों से अपील की है कि वे शांति बनाए रखें। पटना पुलिस में सभी छात्र और छात्राओं से अनुरोध किया है की कोचिंग सेंटर के बहकावे में ना आए, विधि व्यवस्था में कोई समझौता नहीं किया जाएगा। सूत्रों की मानें तो खान सर की अरेस्टिंग के लिए पुलिस की नई टीम का गठन किया गया है। इसकी जिम्मेवारी DIU को सौंपी गई है। आज देर रात किसी भी समय खान सर की गिरफ्तारी संभव है।
उधर, खान सर ने कहा है कि उन्हें FIR की जानकारी नहीं है, लेकिन वे जांच में पूरा सहयोग करेंगे। उन्होंने दावा किया कि घटना के दौरान उनके गार्ड्स ने केवल आत्मरक्षा (Self Defence) में फायरिंग की थी। उन्होंने कहा कि “उस दिन कोचिंग पर हमला हुआ था, मारपीट हो रही थी और पुलिस देर से पहुंची। ऐसे में गार्ड्स ने छात्रों और स्टाफ की सुरक्षा के लिए फायरिंग की।”
बता दें कि यह पूरा मामला 2 जून की रात का है, जब पटना स्थित खान ग्लोबल स्टडीज परिसर पर हमला हुआ था। घटना के दौरान फायरिंग का वीडियो भी सामने आया था। पुलिस पहले ही इस मामले में दोनों बॉडीगार्ड्स को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है और खान सर से पूछताछ भी की जा चुकी है। अब पुलिस द्वारा दर्ज नई FIR में उन्हें नामजद आरोपी बनाया गया है। इससे मामले की गंभीरता और बढ़ गई है।
रिपोर्ट- प्रेम राज, पटना