PATNA:पटना जंक्शन के आस-पास संदिग्ध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के दौरान जक्कनपुर थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नंद बिहार होटल से दो सगी नाबालिग बहनों को सुरक्षित रेस्क्यू किया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों बहनों को कथित तौर पर नालंदा से बहला-फुसलाकर पटना लाया गया था।
मौके से पुलिस ने एक युवक को हिरासत में लिया। पूछताछ के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। वहीं, दोनों नाबालिग बहनों के परिजनों को सूचना देकर उन्हें सकुशल उनके हवाले कर दिया गया।
पुलिस अब इस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि लड़कियों को पटना किस उद्धेश्य से लाया गया था और इसके पीछे किसी संगठित गिरोह या मानव तस्करी नेटवर्क की भूमिका तो नहीं है।
आईजी जितेंद्र राणा के निर्देश पर पटना जंक्शन, करबिगहिया और आसपास के इलाकों में निगरानी और सख्त की जाएगी। इसके साथ ही होटल और लॉज संचालकों के साथ बैठक कर उन्हें सभी ग्राहकों का अनिवार्य सत्यापन करने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने के निर्देश दिए जाएंगे।
पटना से सूरज की रिपोर्ट