BAGAHA: बगहा में एक पुलिस इंस्पेक्टर को रौब दिखाना उस वक्त महंगा पड़ गया जब उनकी मौजूदगी में ही उनके ड्राइवर ने एक युवक को थप्पड़ जड़ दिया। फिर क्या था मामले ने ऐसा तूल पकड़ा कि पुलिस के इस रवैय्ये से गुस्साएं लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया। युवक के साथ आए लोगों ने इंस्पेक्टर और उनके ड्राइवर को घेर लिया और हंगामा करने लगे।
दरअसल वाल्मिकिनगर थाने में तैनात थानाध्यक्ष अर्जुन कुमार किसी काम से बगहा आए हुए थे तभी इस दौरान एक बाइक सवार ने उनकी सरकारी गाड़ी में टक्कर मार दी। इससे बौखलाए ड्राइवर ने गाड़ी से उतरकर युवक को थप्पड़ जड़ दिया। जिसके बाद आक्रोशित लोगों ने इंस्पेक्टर और चालक को घेर लिया और दोनों का विरोध करना शुरू कर दिया।
लोगों के आक्रोश को देखते हुए इंस्पेक्टर ने इस बात की सूचना पटखौली ओपी को दी जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों को शांत कराने की कोशिश की लेकिन लोगों ने उनकी एक ना सुनी। बाद में जब इंस्पेक्टर अर्जुन कुमार और उनके ड्राइवर ने माफी मांगी तब जाकर लोगों का गुस्सा शांत हुआ। जिसके बाद लोगों ने पुलिस इंस्पेक्टर और उनके ड्राइवर को छोड़ा।