WEST CHAMPARAN: पश्चिम चंपारण जिले से बड़ी खबर सामने आ रही है। पुरुषोत्तमपुर थाना पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए नेपाल से लाई जा रही 92.6 किलोग्राम गांजा की खेप को जब्त किया है। इस मामले में एक तस्कर को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस तस्कर से पूछताछ कर पूरे तस्करी नेटवर्क का पर्दाफाश करने में जुटी हुई है।
पुरुषोत्तमपुर पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि नेपाल से भारी मात्रा में गांजा की खेप लाई जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस ने इलाके में विशेष वाहन जांच अभियान चलाया। जांच के दौरान एक संदिग्ध वैगनआर कार को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान कार से कुल 92.6 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया।
पुलिस ने मौके से कार को जब्त कर लिया और चालक को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान नवलपुर थाना क्षेत्र के निमुईया गांव निवासी राजकुमार कुशवाहा के रूप में हुई है। बरामद गांजे की कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है।
नरकटियागंज एसडीपीओ जयप्रकाश सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि आरोपी से पूछताछ के दौरान तस्करी नेटवर्क से जुड़े कई महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं। हालांकि जांच प्रभावित न हो, इसलिए फिलहाल उन जानकारियों को सार्वजनिक नहीं किया गया है। पुलिस इस मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई कर रही है तथा नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है।
बेतिया से संतोष कुमार की रिपोर्ट