Bihar Crime News: नवादा जिले में एक 15 वर्षीय बालक की हत्या के बाद इलाके में भारी बवाल और आगजनी हुई है। गोनी पहाड़ के पास खदान क्षेत्र से शव बरामद होने के बाद ग्रामीणों ने मुफस्सिल थाना पुलिस के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया। काली मंदिर के पास सड़क जाम कर नारेबाजी की गई और आक्रोशित भीड़ ने आगजनी की घटनाएं भी कीं।
मृतक की पहचान गोनवां गांव निवासी 15 वर्षीय वंशराज उर्फ बंसू राज के रूप में हुई है। परिवार और ग्रामीणों का आरोप है कि किशोर को घर से करीब 5 किलोमीटर दूर ले जाकर मारा गया और फिर खदान के पानी में फेंक दिया गया। शव पर चोट के कई निशान, आंख क्षतिग्रस्त होने और शरीर पर दाग-धब्बे मिले हैं, जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है।
परिवार ने पुलिस पर मामले में त्वरित कार्रवाई न करने का आरोप लगाया है, जिससे ग्रामीणों का गुस्सा बढ़ गया। घटना की सूचना मिलते ही सैकड़ों ग्रामीण सड़क पर उतर आए और उन्होंने मुफस्सिल थाना पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए सड़क जाम कर दी। इस दौरान आगजनी की घटनाएं भी देखी गईं।
मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है, लेकिन ग्रामीणों का गुस्सा शांत नहीं हो रहा है। परिवार के सदस्यों ने बताया कि बच्चे की आंख निकाल ली गई थी और शरीर पर जख्मों के निशान साफ दिख रहे थे। उन्होंने पुलिस पर पहले मामले को गंभीरता से न लेने का आरोप लगाते हुए न्याय की मांग की है। पुलिस ने अपराधियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लेने का दावा किया है।