MUZAFFARPUR: बिहार एसटीएफ की विशेष टीम और मुजफ्फरपुर जिला पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए रविवार, 13 सितंबर 2026 को तुर्की थाना क्षेत्र में छापेमारी कर अंतरजिला हेरोइन तस्कर गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान 136.35 ग्राम हेरोइन के साथ पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। बरामद हेरोइन की अनुमानित बाजार कीमत करीब 27 लाख 20 हजार रुपये बताई गई है।


गिरफ्तार आरोपियों की पहचान वैशाली जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र के पुरुषोत्तमपुर जाफराबाद निवासी कुंदन कुमार, परोहा निवासी प्रकाश कुमार, पुरुषोत्तमपुर निवासी रोहित कुमार, रुस्तमपुर थाना क्षेत्र के परोहा निवासी सतीश कुमार तथा पटना जिले के फतुहा थाना क्षेत्र के कच्ची दरगाह जेठुली निवासी काजल देवी के रूप में हुई है। गिरफ्तार आरोपियों में एक महिला भी शामिल है।


पुलिस के अनुसार, आरोपियों के पास से 136.35 ग्राम हेरोइन के अलावा पांच मोबाइल फोन और 2 लाख 54 हजार 770 रुपये नकद बरामद किए गए हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी एक संगठित अंतरजिला मादक पदार्थ तस्कर गिरोह से जुड़े हुए हैं।


एसटीएफ के अनुसार, गिरोह को असम के सिलचर से हेरोइन की खेप प्राप्त होने और इसके बाद बिहार के विभिन्न जिलों में इसकी आपूर्ति किए जाने की जानकारी सामने आई है। पुलिस को आशंका है कि तस्करी का यह नेटवर्क बिहार के अलावा असम और अन्य राज्यों तक फैला हुआ है तथा गिरोह के सदस्य कई वर्षों से अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और आपूर्ति में संलिप्त रहे हैं।


फिलहाल तुर्की थाना में मामला दर्ज कर पुलिस ने सभी गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस आरोपियों के आपराधिक इतिहास और गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की जानकारी जुटाने में लगी है।