Bihar Crime News: मुजफ्फरपुर जिले के मोतीपुर थाना क्षेत्र के नरियार गांव में देर रात एक नवविवाहित दंपती का शव घर के अलग-अलग कमरों में फंदे से लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेज दिया। एफएसएल टीम ने भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए हैं।
मृतकों की पहचान नरियार निवासी अंजलि कुमारी और उसके पति विजय कुमार के रूप में हुई है। दोनों की शादी करीब तीन माह पहले ही हुई थी। अंजलि हाल ही में पहली बार मायके आई थी, जबकि विजय शनिवार को ससुराल पहुंचा था।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि रविवार शाम किसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ था। इसके बाद अंजलि ने घर के अंदर साड़ी का फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली। पत्नी की मौत के बाद विजय ने पहले जहर खाया और फिर फंदे से लटककर जान दे दी। घटना के समय घर में कोई अन्य सदस्य मौजूद नहीं था। बाद में परिजन पहुंचे तो दोनों को मृत अवस्था में देखकर पुलिस को सूचना दी गई।
हालांकि, विजय के परिजनों ने इसे आत्महत्या मानने से इनकार करते हुए अंजलि के मायके वालों पर हत्या का आरोप लगाया है। वहीं पूरे मामले को लेकर एसडीपीओ वेस्ट सुचित्रा कुमारी का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है, लेकिन मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और एफएसएल जांच के बाद ही हो सकेगा। उन्होंने बताया कि सभी पहलुओं से मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।