MUZAFFARPUR: मुजफ्फरपुर जिले में अपराधियों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। ताजा मामला मनियारी थाना क्षेत्र का है, जहां दिनदहाड़े हथियारबंद अपराधियों ने एक किराना व्यवसायी से पिस्टल की नोक पर ₹1.35 लाख लूट लिए।


जानकारी के अनुसार, घटना मनियारी थाना क्षेत्र के मनियारी हाट और काजी इंडा चौक के बीच स्थित एक आम के बगीचे के समीप हुई। पीड़ित की पहचान सकरा थाना क्षेत्र के सुस्ता गांव निवासी भूषण झा के रूप में हुई है। भूषण झा किराना सामान के थोक व्यवसायी हैं और प्रतिदिन बड़े स्तर पर कारोबार करते हैं।


पीड़ित भूषण झा ने बताया कि दोपहर करीब 12:10 बजे वह अपने कार्य से जा रहे थे। इसी दौरान दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार हथियारबंद अपराधियों ने उन्हें रोक लिया और पिस्टल का भय दिखाकर उनके पास मौजूद ₹1.35 लाख नकद लूट लिए। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी अपराधी मौके से फरार हो गए।


घटना की सूचना मिलते ही मनियारी थाना पुलिस एवं पश्चिमी-2 के एसडीपीओ अनिमेष चंद्र ज्ञानी दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया तथा आसपास के लोगों से पूछताछ की।


वहीं, पीड़ित भूषण झा ने मनियारी थाना में अज्ञात अपराधियों के विरुद्ध प्राथमिकी (एफआईआर) दर्ज कराई है। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और अपराधियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

मुजफ्फरपुर से राजन की रिपोर्ट