Bihar Crime News: बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में सोमवार दोपहर अपराधियों ने बड़ी वारदात को अंजाम दिया। सकरा थाना क्षेत्र के रेपुरा-मड़वन मार्ग पर रेपुरा चौर में बाइक सवार दो बदमाशों ने परिवार को लूटपाट के दौरान गोली मार दी।
घटना करीब दो बजे हुई जब सोहन सिंह (27), उनकी पत्नी श्वेता कुमारी (26) और साढ़े तीन साल का बेटा प्रियांश बाइक से मड़वन गांव जा रहे थे। अपराधियों ने लगभग एक किलोमीटर तक पीछा कर सुनसान जगह पर उन्हें घेर लिया। गहने उतारने के लिए दबाव बनाने पर पति-पत्नी ने विरोध किया, जिसके बाद गोली चला दी गई।
बताया जा रहा है श्वेता की कनपटी में गोली लगी और हालत गंभीर है, उन्हें आईसीयू में भर्ती कराया गया है। वहीं पति सोहन की जांघ में गोली लगी, जबकि प्रियांश के सिर को छूते हुए गोली निकल गई जिससे उसे हल्की चोट आई। अपराधी सात लाख रुपये मूल्य के गहने लूटकर बाइक से हाईवे की ओर फरार हो गए।
ग्रामीणों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। सूचना पर पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और छानबीन की। घटनास्थल से दो खोखा और एक गोली बरामद की गई। गोली की आवाज सुनकर आसपास के मजदूर दौड़े, लेकिन अपराधी पहले ही भाग चुके थे। सोहन दिल्ली की एक निजी कंपनी में कार्यरत हैं और भाई के साले की शादी में शामिल होने के लिए परिवार सहित गांव आए थे। वारदात ने इलाके में सनसनी फैला दी है।