MUZAFFARPUR: बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में 85 साल की बुजुर्ग महिला की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गयी है। मृतका की पहचान मुसहरी थाना क्षेत्र अंतर्गत प्रहलादपुर गांव निवासी शांति देवी के रुप में हुई है। इस घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि बुजुर्ग महिला की उसके बेटे और बहू ने मारपीट कर हत्या कर दी है। ग्रामीणों ने बेटे-बहू पर शांति देवी को प्रताड़ित किये जाने का भी आरोप लगाया है। फिलहाल पुलिस घटना के सभी बिन्दुओं की जांच की जा रही है।
ग्रामीणों ने बताया कि घटना रविवार दोपहर करीब तीन बजे की है। लेकिन सूचना दिए जाने के बावजूद मुसहरी थाने की पुलिस काफी देर बाद घटनास्थल पर पहुंची, जिससे स्थानीय लोगों में आक्रोश देखने को मिला। ग्रामीणों ने कुछ स्थानीय जनप्रतिनिधियों पर मामले को दबाने की कोशिश करने का भी आरोप लगाया है।
बाद में शाम करीब चार बजे ग्रामीणों ने जिले के वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) को फोन कर घटना की जानकारी दी। जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। ग्रामीणों का आरोप है कि मृतका का बेटा मधुसूदन शाही और उसकी पत्नी लंबे समय से शांति देवी को प्रताड़ित कर रहा था। ग्रामीणों ने बताया कि वृद्ध महिला को कई दिनों तक खाना भी बेटे और बहू नहीं देते थे। गांव वालों से भोजन मांगकर अपना गुजारा शांति देवी किया करती थीं। ग्रामीणों ने यह भी बताया कि शांति देवी ने कई बार स्थानीय मुखिया और सरपंच से न्याय की गुहार लगाई थी, लेकिन उनकी शिकायतों को सभी ने अनसुना कर दिया।
बेटे ने आरोपों को बताया गलत
मृतका के बेटे मधुसूदन शाही ने अपने ऊपर लगाए गए सभी आरोपों को खारिज कर दिया है। उन्होंने बताया कि रविवार को सास और बहू के बीच मामूली विवाद हुआ था, जिसके बाद मामला बढ़ गया। हालांकि, उन्होंने अपनी मां की मौत के कारणों को लेकर कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी। फिलहाल, महिला की मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा नहीं हो सका है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेज दिया है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि सूचना मिलने के बाद टीम मौके पर पहुंची थी और शव का पोस्टमार्टम करा दिया गया है। सोशल मीडिया पर मौत को लेकर विभिन्न तरह के दावे किए जा रहे हैं, लेकिन अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से कोई लिखित शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद यूडी केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।