Bihar Crime News: मुजफ्फरपुर कोर्ट परिसर से पुलिस की गिरफ्त में आया एक आरोपी हथकड़ी समेत फरार हो गया। घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। फरार आरोपी की पहचान पारू थाना क्षेत्र निवासी मिंटू मालिक के रूप में हुई है। वह साहेबगंज थाना क्षेत्र में लड़की के अपहरण के मामले में आरोपी बताया जा रहा है।



जानकारी के अनुसार, पुलिस आरोपी को हथकड़ी लगाकर न्यायालय में पेशी के लिए लेकर पहुंची थी। इसी दौरान कोर्ट परिसर में वह पुलिसकर्मियों को चकमा देकर फरार हो गया। आरोपी के भागने के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।



घटना के समय कोर्ट परिसर में मौजूद चाय दुकानदार राजू ने आरोपी को भागते देखा। उसने शोर मचाकर आसपास के लोगों को सतर्क करने का प्रयास किया, लेकिन तब तक आरोपी मौके से फरार हो चुका था।



घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम आरोपी की तलाश में जुट गई है। आसपास के इलाकों में भी उसकी खोजबीन की जा रही है। कोर्ट परिसर जैसी सुरक्षित जगह से हथकड़ी में लाए गए आरोपी के फरार होने की घटना ने पुलिस की सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।