MUNGER: मुंगेर के वासुदेवपुर थाना क्षेत्र के चुरंबा गांव में देर रात करीब 25 वर्षीय विवाहिता तमन्ना परवीन का शव उसके कमरे में फंदे से लटका मिला। घटना के बाद मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर दहेज के लिए हत्या कर शव को फंदे से लटकाने का गंभीर आरोप लगाया है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।


मृतका के मायके वालों के मुताबिक, शादी के बाद से ही तमन्ना से दहेज में 10 लाख रुपये नकद, एसी और एलसीडी टीवी की मांग की जा रही थी। परिजनों का आरोप है कि मांग पूरी नहीं होने पर उसके साथ मारपीट भी की जाती थी। मृतका की बहन शबाना परवीन ने आरोप लगाया कि परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के बावजूद तमन्ना का घर बसाने की उम्मीद में दहेज में एफजेड मोटरसाइकिल दी गई थी। इसके बाद भी कथित तौर पर दहेज की मांग जारी रही।


परिजनों के अनुसार, तमन्ना का पति मो. चांद दुबई में काम करता है। तमन्ना की एक बेटी आयशा भी है। घटना की जानकारी मिलते ही मायके पक्ष के लोग मौके पर पहुंचे और ससुराल वालों पर हत्या का आरोप लगाया। घटना के बाद से मायके में मातम पसरा हुआ है।


पुलिस और FSL टीम ने की जांच

घटना की सूचना मिलते ही दो थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल की जांच की और साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल टीम को भी बुलाया गया। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। मायके पक्ष का आरोप है कि दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर तमन्ना की हत्या कर शव को फंदे से लटका दिया गया। हालांकि, पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।


फिलहाल आरोपित ससुराल पक्ष के लोग फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है और परिजनों के आरोपों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।