Bihar Crime News: बिहार में मोतिहारी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लोगों को नोट डबल करने का झांसा देकर ठगी करने वाले एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया है। इस मामले में पुलिस ने 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में एक बर्खास्त बीएमपी का सिपाही और दो बर्खास्त होमगार्ड जवान भी शामिल हैं।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 34 हजार रुपये की असली भारतीय मुद्रा, करीब 4 लाख रुपये की नकली नोटनुमा करेंसी जिस पर Children Bank लिखा हुआ है, एक देशी कट्टा, एक जिंदा कारतूस, पुलिस की वर्दी और अन्य आपत्तिजनक सामान बरामद किया है।
यह पूरी कार्रवाई मुफस्सिल थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर की। मामले की जानकारी देते हुए सदर डीएसपी जितेश पांडेय ने बताया कि जिले में नोट डबल करने वाले गिरोह के सक्रिय होने की सूचना मिलने पर एसपी के निर्देश पर विशेष टीम का गठन किया गया था। टीम ने छापेमारी कर गिरोह के सभी नौ सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया।
डीएसपी ने बताया कि गिरोह का तरीका बेहद शातिर था। आरोपी लोगों को नोट डबल करने का लालच देकर असली रकम लेकर बुलाते थे। इसके बाद गिरोह में शामिल बर्खास्त पुलिसकर्मी अचानक मौके पर पहुंचकर पुलिसकर्मी होने का रौब दिखाते हुए असली रकम छीन लेते थे और फरार हो जाते थे। गिरफ्तार आरोपियों से पुलिस पूछताछ कर रही है ताकि गिरोह के अन्य सदस्यों और उनके नेटवर्क का पता लगाया जा सके।
रिपोर्ट- सोहराब आलम, मोतिहारी