Bihar Crime News: मोतिहारी के शिकारगंज थाना क्षेत्र में एक होटल में काम करने वाले 26 वर्षीय युवक का शव फंदे से लटका हुआ बरामद किया गया है। घटना ढाका-मोतिहारी मुख्य पथ पर रूपहारा नहर चौक के पास स्थित भारत मीट हाउस की है।
मृतक की पहचान झारखंड के गिरिडीह निवासी मुकेश कुमार के रूप में हुई है। वह पिछले कई महीनों से होटल में काम कर रहा था। जानकारी के अनुसार, घटना की सूचना मिलने पर शिकारगंज थानाध्यक्ष गोपाल कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। कमरे का दरवाजा बंद होने पर उसे तोड़कर शव को बाहर निकाला गया।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मोतिहारी सदर अस्पताल भेज दिया है। थानाध्यक्ष के मुताबिक, प्रथम दृष्टया मामला पारिवारिक कलह से जुड़ा प्रतीत हो रहा है, हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही होगा।
पुलिस ने मृतक का मोबाइल फोन और होटल के सीसीटीवी की हार्ड डिस्क जब्त कर ली है। साथ ही होटल के अन्य कर्मचारियों से पूछताछ की जा रही है। परिजनों को सूचना दे दी गई है और पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।
रिपोर्ट- सोहराब आलम, मोतिहारी