EAST CHAMPARAN: पूर्वी चंपारण के मोतिहारी में 37 लाख रुपये की एटीएम चोरी के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। रघुनाथपुर थाना क्षेत्र में पिछले महीने हुए एटीएम शटर कटवा कांड के फरार मास्टरमाइंड की तलाश में पूर्वी चंपारण पुलिस हरियाणा पहुंच गई है।
मामले में फरार चल रहे गैंग के सरगना जुनैद और शहादत की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने हरियाणा के नूंह जिले के पिनगवा गांव में दबिश दी। कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने दोनों आरोपियों के घरों पर इश्तिहार चस्पा किया और उन्हें जल्द आत्मसमर्पण करने या गिरफ्तारी का सामना करने की चेतावनी दी। इस दौरान पुलिस ने स्थानीय स्तर पर मुनादी भी कराई।
सदर एसडीपीओ-1 दिलीप कुमार ने बताया कि रघुनाथपुर थाना क्षेत्र में एटीएम का शटर काटकर करीब 37 लाख रुपये चोरी करने की घटना में शामिल सभी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस की विशेष टीम बिहार के साथ-साथ अन्य राज्यों में भी संभावित ठिकानों पर कार्रवाई कर रही है।
उन्होंने कहा कि फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के बाद पूरे गिरोह का खुलासा किया जाएगा और इस वारदात में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जाएगी। पुलिस का दावा है कि सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर मामले का पूरी तरह खुलासा कर दिया जाएगा।
गौरतलब है कि पिछले महीने रघुनाथपुर थाना क्षेत्र में अपराधियों ने एटीएम का शटर काटकर करीब 37 लाख रुपये की नकदी चोरी कर ली थी। इस घटना के बाद पुलिस लगातार गैंग के सदस्यों की तलाश में जुटी हुई है।